7 से 11 अगस्त तक शाला दर्पण पोर्टल पर कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, दूसरी बार ब्लॉक स्तर नहीं होंगे सम्मानितटोंक। शिक्षा विभाग में कार्यरत कार्मिकों को मिलने वाले शिक्षक सम्मान समारोह के प्रावधानों में राज्य सरकार ने बदलाव किया है। इसकी शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह - 2026 के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके तहत लगातार दूसरी बार ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। अगले माह 5 सितंबर को केवल जिला और राज्य स्तर पर ही आयोजन होगा। सरकार ने इस साल भी कंजूसी की है। शिक्षक सम्मान समारोह में संख्या व राशि में कटौती की है। अंतिम बार 2024 में ब्लॉक स्तर पर 1074 शिक्षकों का सम्मान किया गया था। सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 5100 रुपए नगद सहित स्मृति चिन्ह दिए गए थे। लगातार दूसरी बार ब्लॉक स्तर पर यह आयोजन नहीं होने से सरकार के 54.77 लाख रुपए बचेंगे। वहीं राज्य में जिलों की संख्या 41 होने से जिला और राज्य स्तर पर 189 शिक्षकों का ही सम्मान किया जाएगा। इनमें जिला स्तर पर 123 और राज्य स्तर पर 66 शिक्षकों का सम्मान होगा। संख्या में कमी होने से राज्य और जिला स्तरीय आयोजन में भी 20.61 लाख रुपए की सरकार की बचत होगी। शिक्षकों के चयन के लिए कक्षावार तीन कैटेगरी पहली से पांचवीं, छठीं से आठवीं और 9वीं से 12वीं कक्षा तक तय है। जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को 11 हजार और राज्य स्तर पर 21 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। 2024 में ब्लॉक,जिला और राज्य स्तर पर कुल 1374 शिक्षकों का सम्मान समारोह किया गया था। जबकि इस बार केवल 189 शिक्षकों का ही सम्मान होगा। शिक्षक शाला दर्पण पोर्टल के जरिए 7 अगस्त से 11 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने वाले शिक्षकों को कम से कम पांच साल कक्षा शिक्षण का अनुभव अनिवार्य है। अनुभव की गणना 30 जून 2025 के आधार पर की जाएगी। आवेदन करने वाले शिक्षकों का चयन 100 अंकों की सूक्ष्म अंक योजना के आधार पर किया जाएगा। कुल अंक 25 से कम होने पर संबंधित शिक्षक के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।