सिरोही। जिले के आबूरोड में सांस्कृतिक कलाओं में फूहड़ता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। क्योंकि इन कलाओं को देखकर दर्शक की मनोवृत्ति और भाव बदलते और बनते हैं। क्योंकि लोग पर्दे की हर चीज को रीयल जिन्दगी से जोड़ देते है। जबकि ऐसा नही होना चाहिए। सांस्कृतिक कलाओं में मूल्यनिष्ठता के समावेश से ही नया समाज बनेगा। उक्त उदगार लगान, मुन्ना भाई और गंगाजल समेत कई फिल्मों में अपनी जलवा विखेरने वाली फिल्म अभिनेत्री ग्रेसी सिंह ने व्यक्त किये। वे ब्रह्माकुमारीज संस्था के शांतिवन में आयोजित कला एवं सांस्कृतिक प्रभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कलाओं के स्तर में गिरावट आयी है। इसका कारण कलाओं के प्रति सजगता का ना होना है। मैं खुद ब्रह्माकुमारीज संस्थान से पिछले कई वर्षों से जुड़ी हूॅं। मैने महसूस किया है कि यदि व्यक्ति अन्दर से सुन्दर है तो बाहरी सुन्दरता मायने नहीं रखती है। महाराष्ट्र के लेाक निर्माण राज्यमंत्री प्रवीन पोटे पाटिल ने कहा कि आज समाज में जिस मूल्यों का पतन हो रहा वह चिंताजनक है। क्योंकि भौतिक सुख सुविधाओं पर खड़े मनुष्य को कभी भी सच्ची सुख शांति नहीं मिल सकती जब तक कि वे अपने जीवन में आन्तरिक विकास ना कर ले।