Looks like you've blocked notifications!

गोविंद देवजी मंदिर में भावपूर्ण माघ महोत्सव, 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां

जयपुर। आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ माघ महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी सहित अन्य पवित्र नदियों एवं प्रमुख तीर्थों का भावपूर्ण आह्वान कर हवन एवं विधिवत पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात तीर्थ जल से उपस्थित श्रद्धालुओं पर अभिसिंचन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक शांति और पुण्य लाभ की अनुभूति की।सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए विश्व कल्याण की कामना के साथ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ में यज्ञ भगवान को आहुतियाँ अर्पित कीं। महोत्सव का आयोजन मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में हुआ।कार्यक्रम के प्रारंभ में गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, वेद माता गायत्री एवं गुरु सत्ता का विधिवत पूजन कर दीप प्रज्वलन किया। देव पूजन में श्रद्धालुओं ने पुष्प-अक्षत से षोडशोपचार पूजन किया। महायज्ञ में पाँच पारियों में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, जिनमें कई विदेशी श्रद्धालु भी शामिल रहे।आचार्य पीठ से संबोधित करते हुए भक्त भूषण ने कहा कि सद्बुद्धि की प्राप्ति के लिए गायत्री महामंत्र का जाप अनिवार्य है। गायत्री महामंत्र के जाप से विवेक जागृत होता है, जिससे अच्छे-बुरे तथा सही-गलत का ज्ञान प्राप्त होता है और जीवन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है।इस अवसर पर जनवरी माह में जन्म लेने वाले श्रद्धालुओं ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप पंचतत्व पूजन कर यज्ञ के साथ अपना जन्मदिन संस्कारपूर्वक मनाया। शांति, सद्भाव और विश्व कल्याण की मंगल कामना के साथ माघ महोत्सव का समापन हुआ।
Share this article