लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने सरकारी वेबसाइटों को हैक करने वाले एक चार्टेड एकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।साइबर क्राइम सेल हजरतगंज के प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया, "सिंचाई विभाग के पोर्टल को हैक करने की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच में जुटी साइबर क्राइम सेल की टीम ने हुसैनगंज कोतवाली पुलिस के साथ आरोपी संजय फैड्रिक सिंह निवासी लालबाग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, आरोपी खुद को चार्टेड एकाउंटेंट बता रहा है।" उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ हुसैनगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। -आईएएनएस