Looks like you've blocked notifications!

बिकने बिहार जा रहा सरकारी राशन ग्रामीणों ने पकड़ा

कुशीनगर। जिले के तमकुही ब्लॉक के गंगुआ गांव में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर बेचने के लिए बिहार ले जाए जा रहे सरकारी अनाज को भागीपट्टी के पास पकड़ लिया। यह अनाज गांव के कोटेदार का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने अनाज लदी गाड़ी को समउर पुलिस चौकी के हवाले कर एसडीएम को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे तमकुहीराज के एसडीएम अरविंद कुमार ने दुकान की जांच शुरू कर दी। कोटे को निलंबित कर आगे की कार्रवाई जारी थी।सोमवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 38 बोरे सरकारी गेहूं लादकर बेचने के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही गांव के रामेश्वर गुप्ता, अजय गुप्ता, उपेंद्र, इमरान, पुष्कर यादव, परशुराम गुप्ता आदि ने पीछा करते हुए गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर बिहार के भागीपट्टी गांव के समीप से राशन लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेरकर पकड़ लिया। उसे समउर बाजार पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार गांव के गरीबों के मुंह के निवाले को ग्रामीणों में बांटने की बजाय बाजारों में बेच देता है। महाशिवरात्रि होने के चलते गांव के अधिकांश लोग शिवालय में चले गए थे, जिसका लाभ लेते हुए अनाज को बिहार भेजा जा रहा था।सूचना मिलने के थोड़े ही देर बाद पहुंचे एसडीएम ने सप्लाई इस्पेक्टर को फोन कर बुलाया। सप्लाई इंस्पेक्टर विजय राय कोटेदार के गोदाम में मौजूद राशन की गणना में लग गए। कोटेदार के गोदाम में 138 बोरी गेहूं व 120 बोरी चावल मौजूद पाया गया। अब राशन उठान व स्टॉक रजिस्टर की जांच चल रही थी। एसडीएम का कहना है कि तत्काल प्रभाव से कोटा को निलंबित कर दिया गया है। स्टॉक मिलान के बाद अगर कोटेदार के गोदाम में राशन कम मिला तो कोटा निरस्तीकरण के साथ की कोटेदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।(आईएएनएस/आईपीएन)
Share this article