भरतपुर। भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में डीग जिले में रेंज की टीम ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पश्चिम बंगाल से साइबर ठगों को सिम उपलब्ध कराने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 187 सिम कार्ड,10 मोबाइल, एक लैपटॉप और एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने जप्त किया है। रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि ऑपरेशन एंटीवायरस के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। लगातार साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अभी तक ऑपरेशन एंटीवायरस के तहत 27 FIR दर्ज कर 105 अपराधियों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं कई अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। ऑपरेशन एंटीवायरस लगातार जारी रहेगा।