जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस कायराना घटना ने पूरे देश को अंदर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम कोई सीमावर्ती इलाका नहीं है, बल्कि कश्मीर का एक आंतरिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां तक आतंकियों की पहुंच पर्यटकों को निशाना बनाकर देश भर में दहशत फैलाने के उनके नापाक इरादों को दर्शाती है। गहलोत ने आतंकियों की क्रूरता पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पत्नियों और बच्चों को उनके पतियों और पिताओं को मरते हुए देखने का जीवन भर का दुख और सदमा देने के लिए अलग किया। उन्होंने कहा कि हथियारबंद आतंकियों द्वारा निहत्थे लोगों को निशाना बनाने वाले यह समझ लें कि भारत ऐसे कायराना हमलों से कभी डरा नहीं है और न ही डरेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि हमारे सुरक्षा बल ऐसे आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। गहलोत ने कहा कि यह हमला न केवल निर्दोष नागरिकों पर हमला है, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता पर भी हमला है। उन्होंने सरकार से इस हमले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ितों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की। गहलोत ने देशवासियों से एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया और कहा कि हमें ऐसे हमलों से डरना नहीं चाहिए, बल्कि और अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आतंकवाद का मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र है, और हम किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।