जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार तथा एचपीसीएल के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि पचपदरा में स्थापित की जा रही रिफाइनरी सह-पेट्रोकेमिकल काॅम्प्लेक्स परियोजना को 4 वर्ष की तय समय सीमा में पूरा कर मिसाल पेश करेें। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी राज्य की सबसे महत्वपूर्ण परियोजना है। इसे एक माॅडल रिफाइनरी के रूप में विकसित किया जाए।गहलोत शुक्रवार को रिफाइनरी की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने परियोजना की अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इन्हें चरणबद्ध रूप से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। युवाओं को बड़ी आशा, कौशल विकास केन्द्र और आईटीआई भी स्थापित करें।मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि रिफाइनरी से राज्य के युवाओं को बड़ी आशा है। इसे देखते हुए पचपदरा एवं जोधपुर में उच्चस्तरीय कौशल विकास केन्द्रों की स्थापना की जाए तथा रिफाइनरी क्षेत्र में एक आईटीआई भी स्थापित की जाए, जहां युवाओं को पेट्रो-केमिकल एवं इससे जुड़े उत्पादों के निर्माण से संबंधित गाइडेंस और प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के आसपास पेट्रो-केमिकल उत्पादों की खपत के लिए इंडस्ट्रीयल काॅरीडोर भी विकसित किया जाए। इससे रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।