श्रीगंगानगर। किसान संगठनों की ओर से बुधवार को राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। अखिल भारतीय किसान महासंघ के आह्वान पर इस आंदोलन में प्रदेश भर के लगभग 39 संगठन भाग ले रहे हैं। जिले में गंगनहर किसान समिति, अखिल भारतीय किसान महासभा एवं किसान संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में गिरफ्तारी दी जाएगी। गंगनहर किसान समिति के आह्वान पर श्रीकरणपुर, पदमपुर, श्रीगंगानगर एवं सादुलशहर घड़साना, अनूपगढ़, श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़ एवं राजियासर आदि दूरदराज क्षेत्रों के किसान जिला मुख्यालय पर गिरफ्तारी देंगे। संघर्ष समिति के लोगों को ग्रामीणों ने गिरफ्तारी आंदोलन में शामिल होने
का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने किसान नेताओं से कहा कि विभाग नहरों में पानी का समान वितरण
नहीं कर रहा। किसानों की लगातार कई बारियां पिट रही हैं, इसके बावजूद विभाग
लगातार गलती दोहरा रहा है। समिति के नेताओं
ने बताया कि पदमपुर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर सादुलशहर तहसील के किसान 9 मार्च को नेहरू पार्क में एकत्र होंगे। यहां से 11 बजे जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट के लिए रवाना होंगे। जहां कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए गिरफ्तारी देंगे। एक सवाल पर किसान नेता पृथीपालसिंह संधू, संतवीरसिंह मोहनपुरा एवं मनिंदर मान ने कहा कि वे कोई सांकेतिक गिरफ्तारी नहीं देने जा रहे। किसान बड़ी संख्या में आकर प्रशासन ठप करेगा, फिर प्रशासन चाहे किसी भी आरोप में गिरफ्तार करे। गंगनहर किसान समिति के कोर कमेटी के अनेक सदस्यों के नेतृत्व में मुकलावा उपतहसील मुख्यालय पर भी गिरफ्तारी दी जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ललित बहल, राकेश नैण, सुभाष सुथार भी शामिल रहे।