जयपुर। एसओजी ने हत्या के मामले में दो साल से फरार चल रहे वांछित सहित संगीन मामलों में शामिल चार जनों को गिरफ्तार किया है। एसओजी को दो मैग्जीन, सात जिंदा कारतूस, एक बाइक और अन्य हथियार बरामद किए है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस व एसओजी उमेश मिश्रा ने बताया कि दो साल से चूरू में दूधवा खारा के हत्या के मामले में फरार विरेंद्र सिंह चारण पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी सुजानगढ़ चूरू और पैरोल से फरार देवेंद्र सिंह पुत्र उम्मेद सिंह निवासी लाडनूं डीडवाना को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अवैध हथियारों और बाइक सहित राजधानी के चैमूं पुलिया से गिरफ्तार किया है। वीरेंद्र पर पांच हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। वहीं देवेंद्र सिंह पैरोल से छूटने के बाद से फरार चल रहा था। देवेंद्र सिंह रतनगढ़ चूरू में फारच्यूनर लूट व बीकानेर में फायरिंग सहित कई गंभीर मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस महानिरीक्षक दिनेश एमएन ने बताया कि दोनों से पूछताछ के बाद पता लगा कि इनके कुछ साथी करणी विहार इलाके के कनकपुरा में ठहरे हुए थे। इसके बाद एसओजी की टीम ने कनकपुरा में दबिश दी। टीम ने चूरू व बीकानेर में कई गंभीर मामलों के आरोपी रोहित गोदारा और शेर सिंह पेवा को वहां से गिरफ्तार कर लिया। रोहित के खिलाफ लूट, आम्र्स एक्ट और जान से मारने के करीब एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। शेर सिंह पेवा चूरू के कुख्यात अपराधी गजेंद्र सिह को पेशी के दौरान चालानी गार्ड पर मिर्च पाउडर फेंक कर फरार कराने में संदिग्ध हैं।