सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में सोमवार को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की मौजूदगी की सूचना पर नक्सली सामग्री छोडक़र भाग गए। गश्त पर निकली सुकमा जिला पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त पार्टी को ग्राम खुंदूसपारा के जंगल में चाइनीज बम, देशी बम, ऐरो बम सहित अन्य सामाग्री मिली है। बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने बताया, ‘‘21 जुलाई को जिला पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त पार्टी केरलापाल से गोगुंडा के लिए गश्त पर निकली थी। सूचना थी कि इस इलाके में केरलापाल एरिया कमेटी के नक्सलियों ने कैंप बना रखा है। वहीं दंतेवाड़ा से भी फोर्स निकली थी, लेकिन वो वापस लौट गई।’’ सोमवार को संयुक्त पार्टी चिंतागुफा क्षेत्रांतर्गत गोगुंडा एरिया के रावपारा, खुंदूसपारा के पास जंगल में पहुंची तो रास्ता दिखाई दिया। उस रास्ते में आगे बढऩे पर छोटी सी लाडी मिली, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। अहम दस्तावेज भी मिले, जिसमें केरलापाल एरिया कमेटी की कहीं अहम जानकारी हाथ लगी है। पास में ही स्थित कैंप को ध्वस्त किया गया।