अजमेर। अजमेर जिले के भिनाय के चापानेरी गांव में बुधवार रात को चोर खेत पर काम कर रही एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर जेवरात लूट ले गए। बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में बिजयनगर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हत्या की घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी घनश्याम शर्मा, थानाधिकारी विनोद मीणा सहित पुलिस जाप्ते ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की।मामले की जानकारी देते हुए भिनाय थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि ग्राम चांपानेरी निवासी रामू देवी (70) पत्नि पांचू माली बुधवार देर रात अपने खेत पर रोजाना की तरह गोबर डालने व खेत देखने गई थी। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने सिर पर हमला कर दिया और सोने के बोर, सोने का मान्दलिया, चान्दी की कणकती लूट कर फरार हो गये। बुजुर्ग महिला घायल अवस्था होकर वहीं गिर गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहूंचे और घायल महिला को उपचार के लिए बिजयनगर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। देर रात तक पुलिस घटनास्थल पर मौका मुआयना करने में जुटी रही।