जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 को प्रदेश के लिए पूरी तरह निराशाजनक बताते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा ने राजस्थान को इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। न तो राज्य के विकास के लिए कोई ठोस प्रावधान किया गया और न ही कोई नई राष्ट्रीय परियोजना राजस्थान को दी गई।डोटासरा ने कहा कि ईआरसीपी जैसी महत्वाकांक्षी योजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं मिलना और जल जीवन मिशन के तहत कोई विशेष पैकेज न दिया जाना, केन्द्र सरकार के सौतेले व्यवहार का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े-बड़े वादे तो करती है, लेकिन धरातल पर राजस्थान के हितों की अनदेखी की जा रही है।किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन बजट 2026 में भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती। खासतौर पर राजस्थान के किसानों द्वारा उगाई जाने वाली फसलों और उत्पादों को बजट घोषणाओं में शामिल न करना प्रदेश के किसानों के साथ अन्याय है।पर्यटन को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के बावजूद पर्यटन क्षेत्र के लिए कोई विशेष घोषणा नहीं की गई। मानगढ़ धाम (बांसवाड़ा) सहित कई ऐतिहासिक स्थलों को टूरिस्ट हब योजना से वंचित रखा गया, जबकि ये स्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन की बड़ी संभावना रखते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों पहले बुलेट ट्रेन की घोषणा करने वाली सरकार अब सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की बात कर रही है, लेकिन हाई-स्पीड रेल और फ्रेट कॉरिडोर दोनों से राजस्थान को बाहर रखना प्रदेश के विकास के साथ अन्याय है।डोटासरा ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर आज भी संकट में है, लेकिन उसे मजबूत करने के लिए बजट में कोई प्रभावी योजना नहीं लाई गई। न कोई नई जनकल्याणकारी योजना घोषित की गई, न ही मनरेगा के विकल्प के रूप में किसी नई योजना के लिए बजट रखा गया। महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देने तथा युवाओं के रोजगार के लिए भी बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि देश से निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं, घरेलू बचत घट रही है और बाजार में अस्थिरता का माहौल है। ऐसे समय में केन्द्र सरकार का यह बजट किसानों, युवाओं, गरीबों और मध्यम वर्ग—सभी को निराश करने वाला साबित हुआ है।