हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप, जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता और समयबद्धता से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नियमित रूप से त्रिस्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में, गुरुवार को जिला कलेक्टर काना राम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई और जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई।जिला कलेक्टर ने परिवादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिक्रमण, बीच सड़क से विद्युत पोल हटाने, स्वीकृत खालों के निर्माण, रास्ते खुलवाने, बाराबंदी, गंदे पानी की निकासी जैसी समस्याओं के साथ-साथ राजस्व, विद्युत, जलदाय, शिक्षा और चिकित्सा विभागों से संबंधित कुल 34 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं।पूर्व प्रकरणों पर भी चर्चागत बैठकों में उठाए गए प्रकरणों पर भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिया कि समस्याओं का समाधान सभी पक्षों की बात सुनकर, मौका निरीक्षण कर और पूरी पारदर्शिता से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और मनोयोग से आमजन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।रेरा में अपंजीकृत कॉलोनी के लिए कॉलोनाइजरों को नोटिसटाऊन स्थित सनसिटी एनक्लेव कॉलोनी के निवासियों ने कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिला कलेक्टर ने रेरा में अपंजीकृत कॉलोनाइजर को रिजर्व प्लॉट की नीलामी का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।संपर्क पोर्टल की समीक्षाराजस्थान संपर्क पोर्टल, रात्रि चौपाल, ग्राम पंचायत, उपखंड और जिला स्तरीय जनसुनवाई प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण में जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर निरीक्षण रिपोर्ट के साथ फोटोग्राफ और परिवादी की संतुष्टि/असंतुष्टि का विवरण जोड़ने को कहा। जिला स्तरीय जनसुनवाई के प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना, उप वन संरक्षक सुरेश कुमार आबुसरिया, सीईओ जिला परिषद ओ.पी. बिश्नोई सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपखंड अधिकारी और अन्य कार्मिक भी बैठक से जुड़े।