Looks like you've blocked notifications!

जिला परिषद द्वारा नर्सरी तकनीकी एवं पौधशाला विकास पर विशेष फील्ड प्रशिक्षण संपन्न

जोधपुर। जिला परिषद, जोधपुर द्वारा आईटीसी मिशन सुनहरा कल, एफईएस एवं आफरी जोधपुर के सहयोग से महात्मा गांधी नरेगा के तकनीकी अधिकारियों के लिए नर्सरी तकनीकी एवं पौधशाला विकास पर दो दिवसीय विशेष फील्ड प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जो गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत समितियों में पौधशाला नर्सरी कार्य योजना को प्रभावी रूप से विकसित करना एवं चारागाह विकास और वृक्षारोपण कार्य को मजबूती देना था। कार्यक्रम में जिला परिषद के अधिशाषी अभियंता (नरेगा) सोहम स्वरूप शर्मा ने नर्सरी कार्य योजना और साइट चयन की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं, आफरी के तकनीकी अधिकारी सादुल राम देवड़ा ने प्रायोगिक प्रशिक्षण के माध्यम से नर्सरी पूर्व तैयारी, बीजारोपण तकनीक एवं खाद निर्माण की विधि को समझाया। सहायक अभियंता (नरेगा) संजय गुप्ता ने प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरणीय लाभ, शामलात भूमि एवं जलवायु परिवर्तन पर समूह चर्चा कर प्रतिभागियों को जागरूक किया। एफईएस के विशेषज्ञ संतोष कुमारी ने पश्चिमी राजस्थान में उगने वाले पौधों एवं घास की विशेषताओं पर जानकारी देते हुए नर्सरी प्लान पर चर्चा की। पौधशाला विकास को मिलेगी मजबूती यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महात्मा गांधी नरेगा के तहत चारागाह विकास एवं वृक्षारोपण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इससे पंचायत स्तर पर पौधशाला निर्माण एवं वृक्षारोपण की गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर सरपंच चंपालाल, सरपंच दुदा बेरा खेमाराम, सरपंच प्रतिनिधि धवा देवाराम पटेल, रामचंद्र सियाग, हनुमान राम, हबीब खान सहित जिला परिषद के आईईसी समन्वयक वोराराम गुजर, अब्दुल मोहम्मद, पंचायत समिति के सहायक अभियंता खमुराम, योगेश कुमार, भगवान राम, रामपाल, कैलाश कुमार एवं एफईएस प्रतिनिधि केशर सिंह व फूली देवी ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।
Share this article