Looks like you've blocked notifications!

लालसोट में वकीलों और तहसीलदार के बीच विवाद गहराया, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

लालसोट। लालसोट उपखंड मुख्यालय पर मंगलवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनके तबादले की मांग की। वकीलों ने तहसीलदार पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया, जबकि तहसीलदार ने पलटवार करते हुए वकीलों पर मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम स्वरूप लामडा ने बताया कि एसडीएम कोर्ट से स्थगन आदेश लेकर गए अधिवक्ताओं को तहसीलदार ने आदेश मानने से इनकार कर दिया। वकीलों का आरोप है कि तहसीलदार ने उन्हें गुमराह करते हुए अलग से 'तहरीर' लाने को कहा, जबकि एसडीएम के आदेश ही पर्याप्त होते हैं। विरोध करने पर तहसीलदार ने गार्ड से धक्का-मुक्की करवाकर उन्हें बाहर निकलवाया।इस घटना के बाद, बार एसोसिएशन ने तहसीलदार का तबादला होने तक आंदोलन जारी रखने और उपखंड मुख्यालय की सभी न्यायिक अदालतों के काम को स्थगित रखने का फैसला किया है।वहीं, तहसीलदार अमितेश मीणा ने वकीलों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उल्टे वकीलों ने उनके और उनके कर्मचारियों के साथ अभद्रता, मारपीट और धक्का-मुक्की की। तहसीलदार ने यह भी आरोप लगाया कि वकीलों ने उनके सरकारी काम में बाधा डाली। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
Share this article