बीजिंग। चीन ने शुक्रवार को कहा कि रविवार से यहां शुरू हो रही ब्रिक्स
देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान आतंकवाद के मुद्दे पर ‘बिना लाग
लपेट’ के चर्चा होगी। बीजिंग ने यह भी कहा है कि सदस्य देशों की बैठक में
इस मुद्दे पर मतभेद नहीं होने की संभावना है। चीन के विदेश मंत्रालय के
प्रवक्ता लु कांग ने कहा, ‘आतंकवाद-रोधी प्रयासों में देशों द्वारा किसी भी
तरह के दोहरे रवैये का हम विरोध करते हैं। ब्रिक्स के विदेश मंत्री इस
मुद्दे पर विचारों का ‘बिना लाग लपेट’ के आदान-प्रदान करेंगे।’उन्होंने
कहा, ‘आतंकवाद से निपटने के मामले में हमारा यह स्पष्ट दृष्टिकोण है कि
आतंकवाद मानवता का दुश्मन है।’ प्रवक्ता ने कहा, ‘पांचों देशों के बीच इस
मुद्दे पर मतभेद नहीं होने की संभावना है, क्योंकि आतंकवाद-रोधी प्रयास इस
संबंध में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से एक सर्वसम्मति तथा संयुक्त बल तैनाती
का आह्वान करता है।’