बाओगांग, इनर मंगोलिया। उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया प्रांत में रविवार दोपहर एक स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 84 अन्य घायल हो गए। इस हादसे में पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।अधिकारियों के मुताबिक, यह धमाका स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब तीन बजे बाओगांग यूनाइटेड स्टील प्लांट में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाकों में भी तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।विस्फोट के बाद के दृश्यों में आसमान में धुएं के विशाल गुबार उठते और जमीन पर चारों ओर मलबा बिखरा देखा जा सकता है। फैक्ट्री की छतें और पाइप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे जगह-जगह मलबा फैल गया। सरकारी मीडिया के अनुसार, अस्पताल में भर्ती दर्जनों घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।बाओगांग यूनाइटेड स्टील एक विशाल सरकारी स्वामित्व वाली लौह और इस्पात कंपनी है। स्थानीय अधिकारी फिलहाल विस्फोट के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।चीन में औद्योगिक हादसों का एक लंबा और दुखद इतिहास रहा है, जिसमें अक्सर फैक्टरी विस्फोट, खदान ढहने और कीचड़ धंसने जैसी घटनाएं शामिल होती हैं। यह ताजा घटना एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठाती है।