बीकानेर। स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर द्वारा ग्रामीण व सामाजिक विकास के लिए संचालित एसबीबीजे ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा नोखा तहसील के गांव काकड़ा में आयोजित 6 दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ।इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसबीबीजे के शाखा प्रबंधक अनिल मीना ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आजीविका के लिए स्वरोजगार को श्रेष्ठ विकल्प बताया। संस्था की कार्यवाहक निदेशक सना मिर्जा ने बताया कि 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में 26 लाभार्थियों को डेयरी फार्मिंग के साथ उद्यम की विशेषताओं, वाक् कला, समय प्रबंधन, बाजार विपणन व्यवस्था के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। एफएलसीसी काउंसलर लक्ष्मण सिंह चौहान ने वित्तीय समावेशन संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम समन्वयक कपिल पुरोहित व ग्राम सचिव राम कुमार चौधरी ने प्रशिक्षण की उपयोगिता व प्रशिक्षण व्यवस्था से अवगत करवाया। संस्था की अनुदेशक शशि बाला शर्मा ने भी विचार रखे। सरपंच मंजू देवी व अतिथियों ने प्रमाण पत्र वितरित किए।