Looks like you've blocked notifications!

गोशालाओं में गायों की मौत पर कांग्रेस ने निकाली मौन रैली

जोधपुर। प्रदेश में गोशालाओं में गायों की मौत पर कांग्रेस ने सरकार को आड़े हाथों लेने शुरू कर दिया है। जोधपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय से घंटाघर तक मौन रैली निकाली और राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाया। रैली के बाद पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच ने बीजेपी को निशाना बनाते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ गायों की रक्षा का राग अलापती है। दाधीच ने बताया कि उन्होंने अपने शासनकाल में जोधपुर में गोशाला बनाई, जिसमें आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन बीजेपी की सरकार बनते ही गोशाला की दुर्दशा हो गई और यहां गायों की मौतों का सिलसिला शुरू हो गया। पूर्व विधायक विजयलक्ष्मी विश्नोई ने बताया कि बीजेपी को सत्ता सौंपने के बाद आज जनता अपने आपको ठगा सा महसूस कर रही है। मौन रैली में राजेन्द्र सोलंकी, सईद अंसारी, जुगल काबरा, इकबाल खान के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
Share this article