पणजी। बीजेपी ने कल गोवा के विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। लेकिन इस बार सीएम कैंडिडेट के बिना ही बीजेपी गोवा चुनाव में उतर रही है। ज्ञातव्य है कि बीजेपी ने कल 29 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। इनमें से 17 वर्तमान विधायक हैं। इस लिस्ट में गोवा के सीएम लक्ष्मीकांत पार्सेकर का नाम भी शामिल है। वहीं गोवा बीजेपी के इन्जार्च नितिन गडकरी ने गुरुवार को जो कहा उससे यह अटकलें लगना शुरू हो गई कि मनोहर पर्रिकर गोवा के अगले सीएम हो सकते हैं। नितिन गडकरी ने गुरुवार को संकेत दिया कि अगर चुनाव के बाद विधायक फैसला करते हैं तो रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को गोवा का अगला सीएम बनाया जा सकता है। दरअसल नितिन गडकरी ने एक प्रेस कांफ्रेस में कहा कि अगर पार्टी के विधायक अपनी रजामंदी देते हैं तो दिल्ली के एक नेता को गोवा का सीएम बनाया जा सकता है। एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार मनोहर पर्रिकर की गोवा की राजनीति में वापसी हो सकती है और केंद्रीय नेतृत्व ने भी ऐसे किसी कदम का समर्थन किया है। वहीं गडकरी ने प्रेस कांफ्रेस के दौरान कहा कि नए चुने हुए विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे। साथ ही उन्होनें कहा कि यह जरूरी नहीं कि नेता विधायकों के बीच से ही हो, उसे केन्द्र से भी भेजा जा सकता है।