Looks like you've blocked notifications!

प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के चुनाव होंगे शीघ्र -सहकारिता मंत्री

जयपुर। सहकारिता एवं गोपालन मंत्री अजय सिंह किलक ने कहा है कि प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के चुनाव शीघ्र होंगे। सहकारी संस्थाओं के चुनाव के लिए नियम बना लिए गए हैं और कैबिनेट से अनुमोदित होते ही चुनाव की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जाएगी। किलक शनिवार को मानसरोवर स्थित दीपस्मृति ऑडिटोरियम में इफको की स्थापना के 50 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल के उपलक्षय में आयोजित किसान एवं सहकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का सदैव यह प्रयास है कि राज्य के किसानों की आय को दुगना किया जाए और इसके लिए हम उन क्षेत्रों को चिह्नित कर रहे हैं जिनमें अभी किसानों को विशेष फायदा नहीं हो रहा हैं। किलक ने सहकारी सदस्यों की समृद्धता के लिए सहकारी समितियों के कुशल वित्तीय प्रबंधन, टीम वर्क, अच्छे नेतृत्व को आधार बताते हुए सहकारी समितियों में किसी प्रकार के गबन या वित्तीय दुरूपयोग को रोकने के लिए सहकारी सदस्यों को जागरूक होने की सलाह दी तथा समितियों के समय पर ऑडिट कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग इफको के साथ मिलकर और अधिक कार्य करने की संभावना को तलाशेगा। इफको के प्रबंध निदेशक डॉ यू.एस. अवस्थी ने कहा कि विश्वास, सहयोग, संबल एवं समर्पण का परिणाम है कि 57 सदस्यों तथा 5 लाख रुपये की पूंजी के साथ प्रारम्भ हुआ इफको आज विश्व की सर्वश्रेष्ठ सहकारी संस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इण्डिया, कृषि आय को दुगना करना एवं नकदी रहित लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए इफको ने भारतीय सहकारी डिजिटल प्लेटफार्म शुरू किया है। इसके तहत iffcobazar.in के माध्यम से कृषि एवं नई तकनीक के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में प्रसंस्करण उद्योग के क्षेत्र में असीम संभावनाएं है और इफको राज्य के किसानों के हित को देखते हुए इस क्षेत्र में काम करेगा।
Share this article