नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए उटलफेर में जुटीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी में आखिर सहमति बनती दिख रही है। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने के दो दिन बाद पहली बार कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के नेताओं ने साझा बयान में कहा है कि तीनों दलों के बीच साझा न्यूनतम कार्यक्रम पर बात हुई है। इस कार्यक्रम का मसौदा पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा और जरूरत पड़ी तो तीनों दलों के अध्यक्ष आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे।गुरुवार को तीनों पार्टियों के नेताओं ने बैठक की। इसके बाद पहली बार एकसाथ तीनों ही पार्टियों के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर बात हुई है, ड्राफ्ट तैयार है और इसे तीनों पार्टियों के अध्यक्ष के पास भेजा जाएगा।कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि दो दिनों तक हमारी बातचीत चली। ड्राफ्ट में क्या है इसका खुलासा फिलहाल हम यहां नहीं कर सकते। इसके अलावा एनसीपी की ओर छगन भुजबल ने कहा कि किसान, बेरोजगारी, अल्पसंख्यक, एससी, ओबीसी, महिला सशक्तिकरण से संबंधित मुद्दे ड्राफ्ट में हैं। जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी हो सकता है।