Looks like you've blocked notifications!

किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी होने तक और काला कानून निरस्त करवाने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : पायलट

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने बुधवार को किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी को लेकर विधानसभा में धरना दे रहे कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की। पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति से पूरा प्रदेश परेशान है, जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर भाजपा सरकार उप चुनावों के मद्देनजर अनेकों भ्रमित करने वाले वादे कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी को टालने केे लिए भाजपा सरकार ने कमेटी का गठन किया है जो बताता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टों को संरक्षण देने के लिए आम जनता, मीडिया व न्यायपालिका के अधिकारों पर कुठाराघात करने के लिए बीते दिनों भाजपा सरकार काला कानून लाई थी जिसे कांग्रेस व अन्य लोकतांत्रिक ताकतों के दबाव बनाने के कारण सेलेक्ट कमेटी को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अपने नीहित् स्वार्थ साधने व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए लाये गये उक्त कानून के लिए तो भाजपा सरकार ने कोई कमेटी नहीं बनाई और 80 से भी ज्यादा किसानों द्वारा आत्महत्या किये जाने के बाद भी किसानों का कर्जा माफ करने के स्थान पर कमेटी का गठन किया गया है जो स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार किसानों की दुर्दशा की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विधायक दल किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी को लेकर विधानसभा के अन्दर धरना दे रहा है और विधायकों ने कल पूरी रात विधानसभा में ही बिताई है, जो बताता है कि कांग्रेस पार्टी किसानों को न्याय दिलाने के लिए इससे पहले 100 किलोमीटर की किसान न्याय पदयात्रा निकाल चुकी है और भविष्य में भी जब तक सम्पूर्ण कर्ज माफी की घोषणा नहीं होगी तब तक किसानों के हित में हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा और सरकार को किसानों का सम्पूर्ण कर्ज माफ करने के लिए मजबूर करेंगे।
Share this article