Looks like you've blocked notifications!

ठंड के कारण धूप बेअसर, मौसम साफ होने पर बढ़ेगी सर्दी

जयपुर। शहर में बुधवार को भी भोर होने से पहले बादल छाए रहे। दस बजे बाद मौसम साफ हुआ। हालांकि धूप में भी सर्द हवाएं ठिठुराती रहीं। बादल छाने से सर्दी फिर लौट आई है। सर्दी बढ़ने से अब धूप फिर सुहानी लगने लगी है।मौसम में यह बदलाव जम्मू-कश्मीर में असर दिखा रहे पश्चिमी विक्षोभ और गुजरात व उससे सटे राजस्थान में चक्रवाती हवाओं का परिसंचरण क्षेत्र बनने के कारण हुआ है। गुजरात से पूर्वी राजस्थान तक इन्हीं चक्रवाती हवाओं से एक ट्रफ बनी हुई है, जिससे हवाओं की रफ्तार तेज है और बादल छाए हुए हैं। इससे दिन में धूप में कमी के कारण तापमान में गिरावट हुई है आैर तापमान 23.5 डिग्री पर रिकार्ड किया गया, जबकि रात में पारे में 3.5 डिग्री का उछाल आया है, जिससे न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया है। दक्षिणी राजस्थान तक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना होने से पूर्वी राजस्थान बादलों से ढंक गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो तीन दिनों में ऐसा ही मौसम बने रहने के संकेत दिए हैं। तेज हवाओं के चलने के साथ ही आकाश में बादल छाए रहेंगे। पिछले दो दिन से जारी बादल छाए रहने का सिलसिला अगले दो दिन और रहेगा। इसका असर सबसे ज्यादा तापमान पर पड़ा है, जिसमें दिन में कमी और रात में बढ़ोतरी हो गई है।देखें तापमान.. जयपुर का तापमान 0.6 और अजमेर में 2.2 डिग्री गिर गया, वहीं रात का तापमान जयपुर में 3.5, चूरू में 5.5 और उदयपुर में 4.4 डिग्री उछल गया। अगले 48 घंटों में बादल छाए रहेंगे। उसके बाद मौसम साफ होने पर सर्दी में इजाफा होगा।
Share this article