Looks like you've blocked notifications!

सीएम ने सुनी जनता दरबार में समस्याएं, सहायक उपनिरीक्षक को किया निलंबित

पंचकूला । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए हरियाणा पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक आनंद प्रकाश को निलंबित करने के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने पिंजौर में एक प्लांट के कब्जे को लेकर स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच मुख्यमंत्री उडऩ दस्ते से करवाने की घोषणा भी की और कहा कि किसी भी दोषी अधिकारी बक्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष सभागार में जनसमस्या निवारण जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंचकूला जिले का चौथा जनता दरबार है, इससे पहले सिरसा, अंबाला व जींद में ऐसे दरबारों का आयोजन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-11 के संदीप सब्रवाल की महेशपुर सेक्टर-21 में इंडियन पैलेस होटल की अवैध निर्माण की शिकायत पर जांच हरियाणा चौकसी ब्यूरो से करवाने के निर्देश दिए। सेक्टर-19 के निवासी द्वारा प्रतिदिन सब्जी मंडी लगाने की शिकायत पर अधिकारियों को निदेश दिए कि अन्य सेक्टरों में लगने वाली साप्ताहिक मंडी की दर्ज पर सेक्टर-19 में भी सप्ताह में एक ही दिन मंडी लगाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे हटवाने की जिम्मेदारी विभागों को अपने उपर लेनी होगी, जिस विभाग की जमीन है वो विभाग उस जमीन से अवैध कब्जे तुरंत हटवाएं। महिला अधिवक्ता सरोज मान की कोर्ट परिसर में उनके साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्त आरसी मिश्रा को निर्देश दिए कि वे इस शिकायत को स्वयं देखे और इसकी जानकारी तत्काल उन्हें दें। सेक्टर-4 में झुग्गी झोपड़ी और मोबाईल टॉवर हटवाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के अंदर इस पर कार्रवाही करने के निर्देश दिए। बतौड़ निवासी की पंचायत विभाग में 28 लाख से अधिक के फर्जी बिल पास करवाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने उपायुक्त गौरी पराशर जोशी को तुरंत कार्रवाही करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे वर्तमान उपायुक्त मैडम से तो नहीं मिले है परंतु पहले की उपायुक्तों से बार-बार मिले पर किसी ने उनकी सुनी नहीं थी। मुख्यमंत्री द्वारा उनकी शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेने पर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पंचकूला के सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड को दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन भी दिया। मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के सेवानिवृत कर्मचारी की विधवा शीला देवी की ग्रेजुटी का पैसा न दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड के सचिव सत्यनारायण वर्मा को निर्देश दिए कि वे इस पर कड़ा संज्ञान लें और बोर्ड बैठक में इसे पास करवाएं। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-10 के जंजघर का जीर्णोंद्धार तत्काल करवाने की भी घोषणा की। कालका निवासी ने राशन कार्ड बनाने के संबंध में शिकायत पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक मेघना कवर को निर्देश दिए कि वे कल तक अपने कार्यालय में बुलाकर राशन कार्ड से आधार लिंक करवाना सुनिश्चित करें। खुले दरबार में विभिन्न 60 शिकायतें रखी गई, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समाधान किया। इस अवसर पर हरियाणा के परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल, विधायक एवं राज्य मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता, कालका विधायक लतिका शर्मा, हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव, हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी, पुलिस आयुक्त डॉ. आरसी मिश्रा, पंचकूला उपायुक्त गौरी पराशर जोशी, डीसीपी अशोक कुमार, जिला भाजपा प्रधान दीपक शर्मा, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, नगर निगम मेयर उपेंद्रकौर आहलुवालिया, जिला परिषद की चेयरमैन रितु सिंगला, जिला युवा मोर्चा के प्रधान योगिंद्र शर्मा, नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर सुनील तलवार, जिला भाजपा महामंत्री हरेंद्र मलिक, हरियाणा शिवालिक बोर्ड के सदस्य बीबी सिंगल, श्यामलाल बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Share this article