Looks like you've blocked notifications!

बिहार : नीतीश और लालू के घर छठ पर्व की रौनक

पटना। सूर्योपासना के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन शुक्रवार को उदीयमान सूर्य के अघ्र्य के साथ ही यह पर्व समाप्त हो गया। इस पर्व के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद)अध्यक्ष लालू प्रसाद के घर पर खास रौनक रही। छठ के अंतिम दिन दोनों नेताओं ने भगवान भास्कर को अघ्र्य अर्पित किया और बिहार के उज्जल भविष्य की कामना की। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के घर उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने छठ किया। इस दौरान लालू-राबड़ी आवास पर छठ की चहल-पहल रही। राबड़ी देवी ने शुक्रवार को आवास में बने कुंड में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया। इस अवसर पर लालू प्रसाद, तेजस्वी प्रसाद, तेजप्रताप, मीसा भारती सहित अन्य लोगों ने सूर्य को अघ्र्य दिया। पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप ने इस मौके की कई तस्वीर सोशल साइट पर साझा की है। लालू प्रासद ने छठ को भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व बताया। उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। यह प्रकृति की पूजा है। प्रकृति में सूर्य से ही सभी संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मनोकामना यही है कि सभी की मनोकामनाएं पूरी हों। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश हो, जिससे किसानों को अच्छी पैदावार मिले। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी लोगों को छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह कठिन पर्व है लेकिन अगर स्वच्छता और शुद्ध मन से किया जाए तो कोई भी कष्ट नहीं होता।
Share this article