खास खबर।
गुरुग्रामराज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के एक मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहिताश सैनी, निरीक्षक (GST) तथा जितेन्द्र बरवड़, निरीक्षक (GST) के विरुद्ध न्यायालय पुनित सहगल, ए.एस.जे., गुरुग्राम की अदालत में चालान प्रस्तुत किया गया है। यह चालान धारा 7 तथा 13(1)(बी) सहपठित धारा 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) एवं धारा 384 IPC के तहत दाखिल किया गया है। अभियोग के अनुसार आरोप है कि आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता से उसका GST नंबर सक्रिय (Active) करने के बदले ₹20,000 की रिश्वत की मांग की गई थी। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम द्वारा जांच उपरांत अभियोग संख्या 06 दिनांक 19.02.2024 के तहत उपरोक्त आरोपियों रोहिताश सैनी व जितेन्द्र बरवड़, निरीक्षक GST के विरुद्ध धारा 7, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) पी.सी. एक्ट तथा धारा 384 IPC के अंतर्गत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया था। अब मामले की जांच पूर्ण होने के पश्चात आरोपियों के विरुद्ध अदालत में चालान प्रस्तुत कर दिया गया है।