Looks like you've blocked notifications!

सेना में टीईएस-52 भर्ती में सिर्फ पुरुषों से आवेदन को चुनौती, खंडपीठ ने एकलपीठ को भेजा मामला

जयपुर। भारतीय सेना की तकनीकी शाखा टीईएस-52 में स्थाई कमीशन के लिए सिर्फ पुरुषों से ही आवेदन और महिलाओं को इस पद के लिए उचित नहीं मानने को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी है।सोमवार को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने मामले में सुनवाई से इनकार कर दिया औऱ एकलपीठ में सुनवाई के लिए भेज दिया है। जस्टिस शुभा मेहता और जस्टिस प्रवीर भटनागर की अवकाशकालीन विशेष खंडपीठ ने यह आदेश अक्षिता शर्मा की याचिका पर दिए।याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट ओमप्रकाश श्योराण ने कोर्ट को बताया कि भारतीय सेना ने गत दिनों तकनीकी शाखा टीईएस-52 में स्थाई कमीशन के लिए सीनियर सैकण्डरी लेवल की भर्ती निकाली और सिर्फ अविवाहित पुरुषों से ही आवेदन मांगे हैं। सफल अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग अगले साल जनवरी महीने से शुरू होगी l भर्ती विज्ञापन समानता के अधिकार के खिलाफ है। एयर फोर्स, नेवी और आर्मी में महिलाओं को स्थाई कमीशन दिया जाता है, सिर्फ टीईएस-52 को ही इससे अलग रखा गया है। जबकि संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत लैंगिक आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। साथ ही यह भर्ती विज्ञापन अनुच्छेद 19 के तहत आजीविका चुनने के अधिकार का भी हनन कर रहा है साथ में इससे गरिमापूर्ण जीवन जीने के अधिकार भी प्रभावित हो रहे हैं। याचिका में भारतीय सेना को निर्देश इस भर्ती विज्ञापन को वापस लेने और चयन प्रक्रिया को रद्द करने के निर्देश देने की गुहार की है l विरोध में केन्द्र सरकार की ओर से एडवोकेट आनंद शर्मा ने कहा कि याचिका में जो बिंदु उठाए गए हैं, उनकी सुनवाई का अधिकार एकलपीठ को है। याचिका में किसी कानूनी अनियमितता को चुनौती नहीं दी गई है। ऐसे में मामले को एकलपीठ को भेजा जाए। इस पर खंडपीठ ने प्रकरण को सुनवाई के लिए एकलपीठ को भेज दिया है।
Share this article