जयपुर। सावधान हो जाइए। इंदौर, मुंबई के बाद अब राजस्थान में भी ब्लू गेम ने अपने पैर पसारते हुए मौत का खेल खेलना शुरू कर दिया है। राजस्थान के जयपुर और जोधपुर में दो बच्चों को शिकार भी बनाया। हालांकि गनीमत ये रही कि इस मौत के खेल से दोनों बच्चों की जान जाने से बच गई। महज कुछ घंटे ही बचे थे, लेकिन राजस्थान पुलिस की मुस्तैदी के चलते दोनों बच्चे मौत का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। दोनों मामलों को देखने के बाद अब राजस्थान पुलिस ब्लू व्हेल गेम के बढते खतरे को देखते हुए पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। कोई भी बच्चा इस गेम का शिकार ना हो सके इसके लिए राजस्थान पुलिस ने चिंता व्यक्त करते हुए सभी शिक्षण संस्थाओं और स्वंयसेवी संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता पैदा करने का आह्वान किया है। राजस्थान पुलिस महानिदेशक अजीत सिंह ने इसके लिए प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि युवा पीढ़ी में जागरूकता पैदा हो सके। डीजीपी अजीत सिंह ने जिला पुलिस अधीक्षकों को थाना क्षेत्र मै आने वाले सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्टूडेंट्स, टीचर, अभिभावको में इस खेल के होने वाले दुष्प्रभावो से युवक युवतियां को एक-एक घंटे प्रेजेटेंशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सिंह ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से ये आह्वान भी किया है कि वे अपने बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखते हुए उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को सुलझाने में सहयोग करें। पुलिस ने प्राणघातक साबित हो रहे इस गेम को लेकर केन्द्र सरकार की साइबर अपराध सेल को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक राजस्थान सामने आई दोनोें घटनाओं में शिकार हुए बच्चों से काम मंे लिये गये उपकरणों को प्राप्त कर उनकी जांच करवाई जा रही है और इस पूरे गेम को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। मगर पुलिस ने इस गेम से बचनेे के लिए सबसे ज्यादा तोड़ जागरूकता अभियान के जरिए निकाला है।