योगेंद्र शर्मा,जयपुर।राजस्थान में सोमवार (29 जनवरी) को तीन जगह उपचुनाव हो रहे हैं। अलवर और अजमेर लोकसभा व मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बीते दिवस चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपना पूरा जोर लगा दिया। बीजेपी के स्टार प्रचारक पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन उपचुनाव में प्रदेश की जनता के बीच आने वाले थे। लेकिन किन्हीं कारणों से उनके नहीं आने पर बीजेपी की कमान खुद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संभाली। मोदी-शाह ही नहीं, राजनाथ और गडकरी भी चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हुए। केंद्रीय नेताओं के नहीं आने पर तीनों जगह के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बिना रुके-बिना थके बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में पूरा दमखम लगा दिया। इस बीच भरतपुर में हुए राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भी वे शामिल हुईं।