Looks like you've blocked notifications!

टिप्पर को बचाने में बस झाड़ियों में घुसी, हादसा टला

कपूरथला। अभी होशियारपुर में कैंब्रिज स्कूल की बस का दर्दनाक हादसा लोग भूले नहीं थे कि सोमवार की सुबह कपूरथला के कांजली रोड पर मासूम बच्चों से भरी बस के झाड़ियों में घुस गई। बच्चे तो बच गए लेकिन हादसे के बाद बच्चे सहमे हुए हैं। इससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं कि वो कितने सुरक्षित हैं?एक तेज रफ्तार टिप्पर को बचाने के चक्कर में ड्राइवर संतुलन खो बैठा और बस सीधे झाड़ियों में जा घुसी। हालांकि बस में सवार बच्चे बिल्कुल सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद स्कूल बस ड्राइवर मौके से भाग खड़ा हुआ। शाम छह बजे तक डीएसपी से लेकर एसएसपी तक घटना से अनजान थे। कपूरथला के कांजली रोड पर कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की 40 नंबर बस नौनिहालों को लेकर जा रही थी। कांजली रोड पर आगे से आ रहे एक तेज रफ्तार ‌टिप्पर ओवरटेक कर रहा था। जिसे बचाने के चक्कर में स्कूल बस ड्राइवर ने बस एकदम रोड साइड कर ली और संतुलन खोने पर बस सीधे झाड़ियों में जा घुसी। शुक्र रहा कि कांजली झील के पुल पर हादसा नहीं हुआ तो होशियारपुर की तरह हादसा दर्दनाक हो सकता था। क्योंकि जिस जगह पर हादसा हुआ है, वहां पर अंधा मोड़ है और तीन रोड अलग-अलग एरिया को निकलते हैं। इसी मोड़ से महज कुछ दूरी पर कांजली झील पर बना एकमात्र पुल है। स्कूल बस ड्राइवर का नाम सरबजीत सिंह बताया जा रहा है। बच्चों को लेकर जिला पुलिस कितना संजीदा है, इस बात से ही लगता है कि इस घटना को लेकर शाम छह बजे तक न तो डीएसपी सब डिवीजन गुरमीत सिंह को मालूम था। यहां तक कि जिला पुलिस प्रमुख संदीप कुमार शर्मा भी घटना से अनजान थे। घटना के समय बस में पहली से दसवीं तक के करीब 19 बच्चे सवार था। बस सवार एक बच्ची के अभिभावक ने बताया कि बस ड्राइवर बिल्कुल सही था। उसने तो रोड साइड उतार कर बच्चों की जान बचाई है। ड्राइवर ने नशा नहीं किया हुआ था। बाकायदा उसका मेडिकल करवाया गया।कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सतीश कुमार अग्रवाल ने कहा कि बच्चे सुरक्षित हैं। अभिभावकों के सामने ड्राइवर का मेडिकल करवाया गया है। बस ड्राइवर पूरा समय वहीं पर मौजूद रहा था। एसएसपी कपूरथला संदीप कुमार शर्मा ने स्कूल बस ड्राइवर के झाड़ियों में घुसने वाली घटना से अ‌नभिज्ञता जताते हुए तुरंत जानकारी हासिल करने के लिए फोन घुमाया। उन्होंने कहा कि म‌ीडिया से ही उनके घटना के बारे में पता चला है। स्कूली बच्चों के मामले में जीरो टोलरंस पॉलिसी है। स्कूल प्रबंधन से ड्राइवर के मेडिकल की रिपोर्ट भी तलब की जाएगी।
Share this article