Looks like you've blocked notifications!

भाजपा संविधान बदलना चाहती है - कन्हैया कुमार

पटना, । कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पटना में वक्फ कानून के विरोध में आयोजित रैली को लेकर कहा कि यह प्रदर्शन हर उस नागरिक का प्रदर्शन है जो देश के संविधान पर भरोसा रखता है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि कभी किसी कानून के माध्यम से, तो कभी किसी बयान के जरिए भाजपा यह मंशा जाहिर कर रही है कि वह देश के संविधान को बदलना चाह रही है।कन्हैया कुमार ने कहा कि इसी कड़ी में वक्फ कानून लाया गया है। यह कानून देखने में भले लग रहा हो, यह एक समुदाय का मामला है, लेकिन सही में यह मामला देश के सभी नागरिकों का मामला है। यही कारण है कि कांग्रेस वक्फ कानून का विरोध संसद से लेकर सड़क तक कर रही है। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने आगे भरोसा देते हुए कहा कि इस मामले को लेकर आगे भी जो संघर्ष होगा, इसमें पार्टी पूरी मुस्तैदी के साथ रहेगी।इधर, चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण को लेकर कन्हैया कुमार ने कहा कि पहले आयोग यह मान ही नहीं रही थी कि कोई गड़बड़ी भी है। चुनाव आयोग इससे इंकार करता रहा है, लेकिन अब तो यह स्वीकार कर लिया कि गड़बड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि गड़बड़ी के भी दो पहलू हैं। पहला पहलू है कि जो भाजपा समर्थक वोटर हैं, उनका नाम जोड़ा जाता है और जो भाजपा विरोधी मतदाता हैं, उनका नाम हटाया जाता है।उन्होंने चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा कि गड़बड़ी ठीक करने के नाम पर और गड़बड़ी मत फैलाइए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को अगर सही में सत्यापन करना है तो समय लेकर सत्यापन करना चाहिए। इसका ध्यान भी रखना चाहिए कि इस देश में हर व्यक्ति के पास हर चीज का कागज नहीं है। अगर आप जन्म प्रमाण मांगेंगे तो यह शुरू ही 2002 के बाद हुआ है। जन्म प्रमाण पत्र उसके पहले का नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि जो सही में मतदाता हैं, उनका नाम नहीं काटा जाए और जो फर्जी मतदाता हैं, उन्हें नहीं जोड़ा जाए।--आईएएनएस
Share this article