Looks like you've blocked notifications!

हरोली में राजनीतिक मर्यादाएं तोड़ रही भाजपाः अग्निहोत्री

ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में जनता द्वारा हाशिए पर धकेल दी गई भाजपा नेताओं की टोली अब भाजपा सांसद को भी अपने नापाक मंसूबों में शामिल करके राजनीतिक मर्यादाएं तोडऩे व अराजकता फैलाने की कोशिशें कर रही है। हरोली के विकास पसंद जनता इसे कभी सहन नहीं करेगी। यहां जारी एक बयान में उद्योगमंत्री ने कहा कि जिनका हरोली के विकास में कोई योगदान नहीं है, उनके द्वारा हरोली में किसी योजना का भूमि पूजन करना वस्तुस्थिति से आंखें चुराना और खुद को धोखा देने जैसा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ईसपुर- नगनोली सडक़ की मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार ने जद्दोजहद की, एक साल लगाकर कर इसकी स्वीकृति की लड़ाई लड़ी, इसकी डीपीआर बनवाई और अब जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कर कमलों से इस सडक़ के निर्माण का भूमि पूजन किया जाना था तो उनके दौरे से एक दिन पहले तमाम मर्यादाएं लांघकर इस सडक़ का भूमि पूजन सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा करा दिया गया। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह हर चुनाव में भाजपा औंधे मुंह गिर रही है, उसकी टीस भाजपा नेताओं के क्रियाकलापों में साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बात को भलीभांति जानती है कि अपने सत्ता कालों के दौरान भाजपा ने हमेशा हरोली हलके को विकास के मामले में हाशिए पर रखा है और अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से यहां हो रहा चहुंमुखी विकास लगातार भाजपा नेताओं को चुभ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जब हरोली हलके से उसके हाथ छीने गए, इस हलके के लिए स्वीकृत विकास के प्रोजेक्ट दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में ले जाए गए, तब हरोली के भाजपा नेता कहां सोए रहे और अब प्रदेश सरकार द्वारा लगातार किए गए प्रयासों और पैरवी से हरोली को मिले विकास प्रोजेक्टों का किस अधिकार से भाजपा नेता भूमि पूजन कर रहे हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दौरे से एक दिन पहले सांसद द्वारा सडक़ का भूमि पूजन करना भाजपा नेताओं की हताशा और घबराहट को दर्शाता है। भाजपा नेता जो नई राजनीतिक परंपराएं डालने की कोशिश कर रहे हैं, वह सही नहीं है और हरोली की जनता समय आने पर एक बार फिर से भाजपा नेताओं को इसका माकूल जवाब देगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के कर कमलों से ही इस सडक़ का भूमि पूजन करवाया जाएगा, क्योंकि इस सडक़ की स्वीकृति से लेकर इसकी डीपीआर बनवाने और इसके टेंडर लगवाने तक भाजपा नेताओं का लेशमात्र भी योगदान नहीं रहा है। यह भी पढ़े : ऑनर किलिंग! दलित परिवार के 3 जनों को गोलियों से भून डाला यह भी पढ़े : अक्षय कुमार की फिल्म ने तोड़ी पांच हजार साल पुरानी परंपरा ! SEE PICS
Share this article