जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने अलवर और अजमेर में लोकसभा और माण्डलगढ़ में विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जिस एकजुटता के साथ प्रदर्शन किया, उससे निर्मित माहौल ने इन चुनावों में जीत का मार्ग प्रशस्त किया। इस जीत ने आज सिद्ध कर दिया है कि संकल्पबद्ध प्रदेश के लोगों ने भाजपा सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है। अब उसकी विदाई तय है। गहलोत ने अपने बयान में तीनों उप चुनाव के मतदाताओं को बधाई के साथ उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खोखले वादों के साथ भारी बहुमत से सत्ता में आई भाजपा सरकार पूरी तरह निकम्मी और नाकारा साबित हुई है। इस सरकार ने सत्ता में आते ही नकारात्मक सोच के साथ पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जितनी भी जनकल्याणकारी योजनाएं - रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो, डूंगरपुर-बांसवाडा-रतलाम रेलवे लाइन, भीलवाडा की मेमो कोच फैक्ट्री, परबन सिंचाई परियोजना के साथ निःशुल्क दवा एवं जांच, पेन्शन जैसी योजनाओं को या तो कमजोर कर दिया या ठण्डे बस्ते में डाल दिया। उसी का परिणाम है कि प्रदेशवासी इस सरकार से पूरी तरह उक्ता चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली ऐसी सरकार है जिसके कार्य को लेकर पहले वर्ष से ही प्रदेशवासी अपने आपको ठगा सा महसूस करने लगे थे। आमजन की जुबान पर एक ही जुमला रहा कि इस सरकार को भारी बहुमत देकर ऐसा कौनसा गुनाह किया है जिसकी सजा ये सरकार दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के अन्तिम वर्ष में मुख्यमंत्री अब जितनी चाहे लोक-लुभावन घोषणाएं कर दें, प्रदेश के लोग संकल्पबद्ध है इनको उखाड़ फेंकने के लिये और वो इनके झांसे में आने वाले नहीं है।