Looks like you've blocked notifications!

BJP चुनाव समिति की बैठक जारी, उम्मीदवारों के नामों को लेकर चल रहा मंथन

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में तमाम राजनीतिक दलों का सियासी संग्राम शुरू हो चुका है। इस कड़ी में बीजेपी आज यानी शनिवार देर रात तक लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का मंथन कर रही है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरूण जेटली, राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और किरन रिजिजू जैसे कई नेता बैठक में भाग लेने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय मौजूद है। बैठक के बाद पार्टी लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची जारी कर सकती है जिसमें 100 से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। इस सूची में अधिकतर नाम पहले चरण में होने वाले मतदान वाली सीटों से संबंधित होंगे। पहले चरण में 91 सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 17वीं लोकसभा की 543 संसदीय सीटों के लिए 11 अप्रैल से 19 मई के बीच कुल सात चरणों में मतदान होने हैं। इसके बाद 23 मई को नतीजा आएगा।भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एवं पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव के लिये पहले चरण में आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में 42 सीटों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा 11 अप्रैल के उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं असम की कुछ सीटों पर मतदान होगा। ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि भाजपा अपने कुछ वर्तमान सांसदों का टिकट काट सकती है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान की कुछ सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा सकती है। वहीं खबर है कि रविवार को सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों पर चर्चा की जाएगी। इनमें बागपत, बिजनौर, कैराना, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर और मेरठ शामिल हैं।
Share this article