Looks like you've blocked notifications!

भामाशाह योजना से आई पारदर्शिता

बारां। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाने एवं महिला सशक्तीकरण के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अभिनव पहल भामाशाह योजना के लक्ष्य की ओर बारां जिला तेजी से बढ़ रहा है। जिले की अधिकांश आबादी इस योजना से जुडक़र सरकारी योजनाओं के विभिन्न प्रकार से लाभ सीधे प्राप्त कर रही है। आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल संभावित परिवार 2 लाख 56 हजार 336 हैं, जिनके विरुद्ध 2 लाख 57 हजार 370 परिवारों का भामाशाह नामांकन कर लक्ष्य अर्जित कर लिया गया है। व्यक्तिगत भामाशाह नामांकन में सभी परिवारों के संभावित सदस्य 12 लाख 98 हजार 253 के विरुद्ध 8 लाख 95 हजार 982 सदस्यों के भामाशाह नामांकन का कार्य कर लिया गया है। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की भामाशाह सीडिंग में भी सफलता प्राप्त करते हुए राशन कार्ड की 100 फीसदी से ज्यादा सीडिंग कर दी गई है। कई अतिरिक्त राशन कार्ड बन जाने से अपेक्षित संख्या से अधिक सीडिंग हो गई है, जिसे सुधारा जा रहा है। भामाशाह योजना के तहत पोस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण का कार्य प्रारंभ होने से जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने में सफलता हासिल हुई है। जिले में उपलब्ध कुल 540 पोस मशीनों में से वर्तमान में 503 से राशन वितरण किया जा रहा है। इस प्रकार मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मंशा के अनुरूप ही भामाशाह योजना के माध्यम से बारां जिले में लोगों को सीधे बैंकिंग से जोडऩे तथा महिलाओं के सशक्तीकरण के कार्य बखूबी अंजाम देकर लोगों को राहत प्रदान की जा रही है।
Share this article