जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद भाजपा में प्रत्याशियों का विरोध थमने के बजाय बढ़ता जा रहा है। जयपुर की सांगानेर विधानसभा सीट से पार्टी ने मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटकर प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा को मैदान में उतारा है। लेकिन, भजन लाल का यहां जबरदस्त विरोध हो रहा है। लाहोटी समर्थकों के साथ भाजपा और आरएसएस के भी कुछ कार्यकर्ता विरोध करने में लगे हैं।
लाहोटी के समर्थन में कुछ कार्यकर्ताओं ने दो दिन पहले भी जहां पार्टी कार्यालय पर जाकर विरोध प्रदर्शन किया और 5 मंडल अध्यक्षों ने इस्तीफे दिए जाने तक की धमकी दी थी। वहीं सोमवार को सांगानेर में भाजपा प्रत्याशी भजनलाल को बाहरी बताकर उनके पोस्टर और पुतले जलाए गए। इस दौरान भजनलाल भगाओ, सांगानेर बचाओ के नारे भी लगाए गए। पुतले जलाने वालों में आरएसएस कार्यकर्ता डॉ. जितेंद्र शर्मा का नाम भी लिया जा रहा है। सांगानेर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भजन लाल पहले नदबई से देवीसिंह भाटी की पार्टी सामाजिक न्याय मंच से चुनाव लड़कर हार चुके हैं। वे मूलतः भरतपुर के रहने वाले हैं, इसलिए उन्हें सांगानेर से टिकट दिए जाने का कोई औचित्य नहीं है। स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि भाजपा और कांग्रेस ने सांगानेर विधानसभा सीट को प्रयोगशाला बनाकर रख दिया है। यहां से कभी घनश्याम तिवाड़ी तो कभी अशोक लाहोटी जैसे बाहरी लोगों को टिकट दिए गए। इसी तरह कांग्रेस ने भी विद्या पाठक, इंदिरा मायाराम जैसे बाहरी लोगों को टिकट दिए हैं। स्व. विद्या पाठक तब भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री थीं। टिकट कटने पर इंडियन नेशनल लोकदल का टिकट लेकर आईं और चुनाव हार गई थीं। दवाब की राजनीतिः लाहोटी ने रुकवाए समर्थकों के इस्तीफेः इधऱ, मौजूूदा विधायक अशोक लाहोटी ने अपने समर्थक 5 मंडल अध्यक्षों को इस्तीफे दिए जाने से मना कर दिया है। लाहोटी का कहना है कि उन्होंने तो समर्थकों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए भी मना किया था। लेकिन, भावावेश में कार्याकर्ता विरोध कर रहे हैं। इस्तीफे दिए जाने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से मना कर दिया है। लाहोटी के इस कदम को दबाव की राजनीति माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ऐसा करके लाहोटी सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिए जाने का दबाव बना रहे हैं। इस सीट पर वे पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं और सिविल लाइंस में अभी पार्टी ने प्रत्याशी भी घोषित नहीं किया है।