बेंगलुरू। बेंगलुरू के एक कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर तथा एलजीबीटी
(समलैंगिकों के अधिकारों के लिए प्रयासरत) कार्यकर्ता एशली टेलिस को कॉलेज
विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने तथा स्त्रातक उपाधि के लिए पढ रहे
विषमलिंगी पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों की भावनाओं व संवेदनाओं को ठेस
पहुंचाने के चलते निष्कासित कर दिया गया है।
एशली टेलिस बेंगलुरू के सेंट जोसेफ कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत
थे। टेलिस ने फेसबुक पर लिखा, 9 मार्च, 2017 को, बीकॉम सेकंड ईयर की क्लास
के दौरान मुझे सेंट जोसेफ कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंसेज के प्रिंसिपल फादर
विक्टर लोबो से तुरंत मिलने के लिए कहा गया। जब मैं वहां पहुंचा, तो
उन्होंने मुझे अपने दफ्तर के बाहर 10 मिनट तक इंतजार करवाया, जबकि मेरी
क्लास में बच्चे मेरा इंतजार कर रहे थे। फिर उन्होंने मुझे बुलाया और कहा,
विद्यार्थी आपके व्यक्तिगत विचारों से विचलित हैं, प्रबंधन को भी उन
विचारों के बारे में जानकारी मिली है। मुझसे कहा गया है कि आपको तत्काल
प्रभाव से आपकी सेवाओं से निवृत्त कर दिया जाए।