मारवाड़ जंक्शन/पाली। बांद्रा टर्मिनस से जोधपुर जा रही सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12480) के जनरल कोच में मध्यरात्रि को सीट पर बैठने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक बड़े हादसे में बदलते-बदलते बचा। ट्रेन में सवार कुछ दबंगों ने विवाद बढ़ने पर एक सह-यात्री पर सरेआम तलवार से हमला करने की कोशिश की। यह सनसनीखेज घटना मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।यात्रियों की सूझबूझ, सतर्कता और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की त्वरित कार्रवाई से समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।सीट के लिए भिड़े, चलती ट्रेन में निकाल ली तलवारचश्मदीदों के अनुसार, ट्रेन के जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इसी दौरान सीट पर बैठने की बात को लेकर कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सह-यात्री को डराने और उस पर हमला करने के इरादे से कोच के भीतर ही धारदार तलवार निकाल ली। चलती ट्रेन में तलवार देख पूरे डिब्बे में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया।यात्रियों की सतर्कता: चेन खींचकर रुकवाई ट्रेनकोच के भीतर माहौल हिंसक होता देख और यात्री की जान को खतरे में पाकर अन्य यात्रियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई। सहमे हुए यात्रियों ने एकजुट होकर ट्रेन की आपातकालीन चेन (वैक्यूम) खींच दी, जिससे तड़के मारवाड़ जंक्शन स्टेशन के पास ट्रेन अचानक रुक गई। ट्रेन रुकते ही घटना की सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन और जीआरपी को दी गई।मौके पर पहुंची जीआरपी, आरोपियों से पूछताछ जारीट्रेन रुकने की सूचना मिलते ही मारवाड़ जंक्शन जीआरपी (GRP) थानाधिकारी और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।महिलाएं भी थीं शामिल: प्रारंभिक जांच और यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार, तलवार लेकर कोच में उत्पाद मचाने वाले आरोपियों के साथ कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं।हथियार जब्त: पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तलवार लाने वाले मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।जीआरपी इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के दावों के बीच आरोपी रेलवे स्टेशन और ट्रेन के भीतर इतनी बड़ी तलवार लेकर प्रवेश करने में कैसे कामयाब रहे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से एक बड़ा रक्तपात होने से बच गया है।