अलवर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलवर प्रथम चौकी ने गुरुवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। एसीबी ने यह कार्यवाही किशनगढ़ बास ग्रामीण कार्यालय में तैनात हेल्पर के विरुद्ध की है।एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर की गई इस कार्यवाही का विवरण देते हुए पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एक परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, 5 मई 2026 को आरोपी संदीप कुमार (लाइनमैन/हेल्पर प्रथम) और विजिलेंस अधिकारी परिवादी के घर पहुँचे थे। वहाँ बिजली की लाइन से तार डालने के मामले में उन्होंने परिवादी, उसके भाई और भतीजे के घर की तस्वीरें खींचकर वीसीआर (VCR) भर ली थी।जिस समय यह कार्यवाही हुई, परिवादी घर पर मौजूद नहीं था। इसके बाद आरोपी संदीप ने वीसीआर की कार्यवाही को रफा-दफा करने और आगे परेशान न करने के बदले में 35,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी 25,000 रुपये लेने पर सहमत हुआ। आज उप महानिरीक्षक पुलिस-चतुर्थ भुवन भूषण के सुपरविजन में और एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप बिछाया गया। जैसे ही आरोपी संदीप ने परिवादी से 25,000 रुपये की रिश्वत राशि ली, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले में आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।