जयपुर। प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत् माह नवम्बर 2016 तक ही वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध साढ़े 81 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित कर ली गयी है। टीकाकरण में पिछले वर्ष की अपेक्षा 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी दर्ज कर इस वित्तीय वर्ष के अंत तक शत् प्रतिशत तक लक्ष्य अर्जित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने 2 वर्ष तक की आयु के लक्षित 17 लाख 25 हजार 491 बच्चों के 7 जानलेवा बीमारियों के प्रतिरक्षण की टीकाकरण उपलब्धि में बढ़ोतरी पर प्रसन्नता व्यक्त की है। लक्षित बच्चों में से 9 लाख 37 हजार 998 बच्चों को सभी आवश्यक टीके लगाये जा चुके हैं। प्रदेश में मातृ मृत्यु दर व शिशु मृत्युदर में कमी लाने में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए टीकाकरण बहुत आवश्यक है ,एवं इसकी उपलब्धि के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी माइक्रो प्लान बनाकर कार्यवाही की जाती है। प्रदेश में मार्च 2017 से बच्चों में डायरिया या दस्त की बीमारी से बचाव के लिए रोटा वायरस टीका भी नियमित टीकाकरण सारणी में शामिल हो जायेगा। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वीनू गुप्ता एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक नवीन जैन ने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की नियमित समीक्षा की है। टीकाकरण कार्य में पिछड़ रहे जिलों को पृथक कार्ययोजना बनाकर उनके ड्रापआउट बच्चों को प्रतिरक्षित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। माह नवम्बर 2016 तक टीकाकरण में अधिक उपलब्धी वाले प्रतापगढ़ (94.1 प्रतिशत), हनुमानगढ़ (92.1 प्रतिशत), बूंदी (90.7प्रतिशत), चित्तौडग़ढ़ (90.2 प्रतिशत) एवं पाली (88.7प्रतिशत) लक्ष्य अर्जित कर प्रदेष में प्रथम पाचं उच्चतम जिलों में शामिल हैं।