जयपुर। राजस्थान पुलिस की एटीएस एवं एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा कनिष्ठ न्यायिक सहायक, लिपिक ग्रेड-II और कनिष्ठ लिपिक के पदों पर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा वर्ष 2022 का आयोजन 12 और 19 मार्च 2023 को हुआ था। इसी परीक्षा में आरोपी राम प्रकाश जाट, निवासी गोटिया बास, थाना कुचेरा, जिला नागौर ने संगठित नकल गिरोह की मदद से ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए प्रश्नपत्र हल करवाकर सफलता हासिल की थी।गिरोह का सरगना पौरव कालेर, निवासी रामपुर, जिला चूरू, सालासर से मोबाइल के जरिए उत्तर भेज रहा था। इसके एवज में चार लाख रुपये का सौदा तय हुआ था। नकल के दम पर पास होकर राम प्रकाश जाट कनिष्ठ लिपिक (ग्रेड-द्वितीय) पद पर चयनित हो गया और फिलहाल पोक्सो कोर्ट संख्या-01, उदयपुर में पदस्थापित था।पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले सात माह से फरार था। इससे पहले भी वह ईओआरओ भर्ती परीक्षा 2022 में ब्लूटूथ से नकल करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।एसओजी थाना जयपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 09/2025 में (11 सितंबर 2025) अनुसंधान अधिकारी एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा ने उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और नकल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।