Looks like you've blocked notifications!

अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के पुलिसकर्मी ने दिखाई ईमानदारी, मिला पर्स लौटाया

जोधपुर। शहर में एक बार फिर पुलिस की ईमानदारी का उदाहरण सामने आया है। अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर कार्यरत एक पुलिसकर्मी ने रास्ते में मिला पर्स उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटाकर कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी. के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।इसी क्रम में 18 अप्रैल शनिवार को शाम करीब 6 बजे कांस्टेबल रूपसिंह पुलिस लाइन से निजी कार्य से सुभाष चौक, रातानाडा जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, दो वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 9 डेबिट/क्रेडिट कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले।पर्स में संपर्क नंबर नहीं होने के बावजूद कांस्टेबल रूपसिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के आधार पर पर्स मालिक से संपर्क स्थापित किया। बाद में पर्स मालिक महेंद्र चौधरी (निवासी भगत की कोठी) ने बताया कि वह किसी कार्य से पुलिस लाइन आए थे और अनजाने में उनका पर्स रास्ते में गिर गया था।कांस्टेबल रूपसिंह ने अपनी ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए पर्स उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। पर्स मिलने पर महेंद्र चौधरी ने पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।इस घटना से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है, बल्कि आमजन के विश्वास को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
Share this article