हापुड। उत्तर प्रदेश के हापुड जिले की पुलिस ने पिलखुवा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुई 10 लाख रुपये की डकैती का खुलासा 24 घंटे के अंदर करते हुए गुरुवार को सात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से लूटे गए सोने व चांदी के जेवरात, नकदी व अवैध असलहा बरामद कर लिए गए। एएसपी राममोहन सिंह ने बताया, बुधवार दोपहर थाना पिलखुवा के मठमलियान कस्बा निवासी विपिन कुमार गुप्ता और प्रियांक जब अपनी गांधी रोड स्थित जनरल मर्चेट की दुकान पर थे, उसक वक्त घर में मौजूद विपिन की पत्नी रेनू गुप्ता से मारपीट कर बंधक बनाकर बदामाशों ने लूटपाट की थी। बदमाश लाखों के जेवर व नगदी ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने विपिन की तहरीर पर पांच बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एएसपी ने बताया, गुरुवार दोपहर 12:30 बजे पुलिस टीम ने डकैती में शामिल सात आरोपियों को डूहरी पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटा गया पूरा माल (50 हजार रुपये की नकदी व 10 लाख रुपये के सोने, चांदी के आभूषण) बरामद कर लिए गए।