Looks like you've blocked notifications!

दौसा में त्रिस्तरीय जनसुनवाई में 110 परिवाद प्रस्तुत, कई समस्याओं का मौके पर समाधान

दौसा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं संपर्क समाधान शिविर का आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र (डीओआईटी) में किया गया।सुबह 11 बजे प्रारंभ हुई इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने अपने परिवाद प्रस्तुत किए। कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक-एक परिवादी की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।जनसुनवाई में पत्थरगढ़ी व सीमा ज्ञान, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृति, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने, छात्रावास हेतु भूमि आवंटन, अतिक्रमण हटाकर रास्ता खुलवाने, पानी के बहाव से खेत कटाव रोकने, हैंडपंप मरम्मत, नाला निर्माण, विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, बरसाती पानी निकासी, ग्रेवल सड़क निर्माण, किसान क्रेडिट कार्ड, सहकारी समिति गोदाम हेतु भूमि आवंटन, जनाधार कार्ड चालू कराने, सिलिकोसिस कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने तथा स्कूटी उपलब्ध कराने से जुड़े कुल 110 परिवाद प्राप्त हुए।कलेक्टर ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर परिवादियों को राहत दी। शेष मामलों में विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने परिवादियों को सुझाव दिया कि वे सबसे पहले ग्राम एवं उपखंड स्तर पर अधिकारियों से मिलकर समाधान का प्रयास करें, जिला मुख्यालय पर केवल तब आएं जब वहां समाधान नहीं हो। साथ ही उपखंड अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण करें ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।पत्थरगढ़ी व सीमा ज्ञान से जुड़े मामलों में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस कार्यवाही का उपयुक्त समय फसल कटाई और मानसून के बीच का है, जब खेत खाली रहते हैं। उन्होंने उपखंड अधिकारियों से नियमानुसार कार्यवाही करने, अतिक्रमण हटाने व रास्ते संबंधित समस्याओं का निस्तारण मौके पर जाकर सुनिश्चित करने को कहा।खाद्य सुरक्षा योजना से नाम जुड़वाने संबंधी परिवाद पर कलेक्टर ने बताया कि ई-मित्र पोर्टल के माध्यम से पात्र अभ्यर्थी आसानी से आवेदन कर सकते हैं।इस अवसर पर एडीएम रामस्वरूप चौहान, लालसोट एडीएम मनमोहन मीणा, एएसपी गुरुशरण राव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा, एसडीएम मूलचंद लूणिया, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उपखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शिविर में जुड़े।
Share this article