जयपुर। चौमूं थाना पुलिस ने छेड़छाड़ के दर्ज मामले में राजीनामे का दबाव बनाने के लिए रामधन यादव का अपहरण कर हत्या करने के मामले में सोमवार को छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।डीसीपी (वेस्ट) विकास शर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी मालीराम (32) निवासी किशनगढ रेनवाल हाल सेल्समेन शराब का ठेका जैतपुरा चौमूं, कैलाश राम यादव उर्फ राजेश (34) निवासी श्रीमाधोपुर सीकर, मुकेश कुमार जाट उर्फ पिंटू डागर (35) निवासी गांव चिथवाडी सामोद, राजकुमार उर्फ राजू (26) निवासी गांव नाथी का बास रेनवाल, मोहनलाल (35) निवासी भोजलावा की ढाणी जैतपुरा चौमूं और योगेश स्वामी (24) निवासी किशनगढ रेनवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने छहों आरोपियों को सोमवार दोपहर दांतारामगढ सीकर से दबोचा है।मामले के मुताबिक चौमूं निवासी रामधन ने महिला मित्र से छेड़छाड़ करने को लेकर 16 अगस्त को चौमूं थाने में फूलचन्द के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद रामधन ने ही कॉल कर आरोपी फूलचन्द को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की जानकारी दी। आरोपी मालीराम ने रामधन को मामले को निपटाने के लिए बातचीत करने के लिए चौमूं इलाके में स्थित एक होटल में बुलाया। राजीनामे के एवज में कुल 25 लाख रुपए मांग की गई। जिसके बाद मंगलमसिटी स्थित महिला मित्र के लैट पर मीटिंग रखी गई।इसके बाद आरोपी मालीराम ने अपने साथियों के साथ योजना बताई की रामधन का अपहरण कर उसका एक पैर तोड़ देते है, डर के मारे बिना रुपयों के ही राजीनाम हो जाएगा। योजना के तहत महिला मित्र के फ्लैट के बाहर सडक़ पर बातचीत के दौरान आरोपी मालीराम के साथी स्कोर्पियों गाड़ी लेकर आए और रामधन का अपहरण कर ले गए। दूसरी जगह ले जाकर आरोपियों ने बदले की भावना से सरियों व लोहे के पाईपों से रामधन के साथ जमकर मारपीट की। लहुलुहान हालत में अचेत होने पर मृत समझकर एनएच-52 चौमूं बाईपास पर बराला अस्पताल के पीछे सडक़ किनारे पटककर फरार हो गए।इसके बाद अचेतावस्था में मिले रामधन की सांसे चलने पर उसे चौमूं अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला मित्र ने उसके भाई को कॉल कर इस बारे में बताया। गंभीरावस्था में रामधन को चिकित्सकों ने जयपुर रैफर कर दिया। रास्ते में रामधन ने अपने भाई को बताया कि महिला मित्र के साथ उसने चौमूं थाने जाकर छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज कराया था। जिसके चलते राजीनामा करवाने का दबाव डालने के लिए फूलचंद सुण्डा, श्रवण गरेड, मालीराम सेपट, रामनारायण बराला, पिन्टू डागर, योगेश स्वामी, मोहन लाल सैनी, कैलाश यादव, राजू स्वामी ने उसका अपहरण कर हत्या की योजना बनाई थी। एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान रामधन की मौत हो गई। भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद हत्या का मामला दर्ज किया।