मुम्बई। मायानगरी के गलियारों में सिंघम और दबंग की दोस्ती के चर्चे आम हैं। अजय की साली तनीषा मुखर्जी को भी बिग बॉस में सलमान खान ने इसी रिश्ते की बदौलत जगह दी थी। अब खबर है कि सुल्तान अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित मूवी शिवाय का प्रचार भी करेंगे। इस मूवी के दिवाली पर रिलीज होने के आसार हैं। अजय इस बात को लेकर चिंतित हैं कि उनकी मूवी की रिलीज डेट के साथ ही करण जौहर की ऐ दिल है मुश्किल भी है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि कहीं उनकी मूवी का बिजनेस प्रभावित नहीं हो जाए। इसलिए उन्होंने अपने दोस्त और फिलहाल बॉलीवुड के इक्का सलमान का साथ मांगा है। सूत्रों के मुताबिक सलमान खान रिलीज से कुछ समय पहले शिवाय का प्रचार करेंगे। वे अपनी बात फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए फैंस के सामने रखेंगे। क्योंकि, यह तो सभी को पता है कि भाई की कोई बात उनके फैंस नकारते नहीं हैं। कुछ दिनों पहले आमिर खान ने भी यही कहा था कि सलमान को अपनी मूवी में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती, क्योंकि, फैंस उनको बहुत ज्यादा प्यार करते हैं।