Looks like you've blocked notifications!

24 हजार दीपों से जगमगाया जन्मशताब्दी समारोह, हजारों परिजनों ने लिया संकल्प

हरिद्वार। एक साथ प्रज्वलित 24 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से जब पूरा परिसर जगमगा उठा, तो जन्मशताब्दी समारोह का चौथा सत्र संकल्प और साधना के विराट दृश्य में बदल गया। हजारों परिजनों ने हाथ उठाकर परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों को जीवन में उतारने और पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रज्वलित युग निर्माण की ज्योति को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ ली। राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को श्रेष्ठ माना गया है। वंदनीया माता जी ने नारी शक्ति के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है। परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी का यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल की महान प्रेरणाओं का संगम है। यह अवसर भारतीय संस्कृति, ऋषि परंपरा, मानवीय मूल्यों और समाज के नैतिक उत्थान के उन आदर्शों को पुनः स्मरण करने का है, जिन्होंने सदैव मानवता को सही दिशा प्रदान की है।अपने संदेश में संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने कहा कि दीपयज्ञ अपने भीतर की श्रेष्ठ शक्तियों को जागृत कर जीवन की श्रेष्ठता को समाज और सृष्टि के कल्याण के लिए समर्पित करना ही दीपयज्ञ की वास्तविक सार्थकता है।दीपमहायज्ञ में दीपकों के माध्यम से जन्मशताब्दी समारोह और गायत्री महामंत्र की आकर्षक आकृतियां उकेरी गईं, जिसने पूरे आयोजन को दिव्य और मनोहारी स्वरूप प्रदान किया। दीप प्रज्वलन आत्मजागरण और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बनकर सामने आया। प्रत्येक दीप मानो इस संकल्प का साक्षी था कि पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रज्वलित ज्ञान और युग निर्माण की ज्योति को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अवसर पर राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन, संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने मां बोलती है पुस्तक का विमोचन किया। दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने राज्यपाल जी को स्मृति चिह्न एवं युगसाहित्य भेंटकर सम्मानित किया। अंत में उपस्थित परिजनों ने संकल्प लिया कि पूज्य गुरुदेव के विचारों की मशाल प्रत्येक हृदय से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाई जाएगी।
Share this article