The unprecedented growth in the last four years in the state: Virbhadra Singh-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 9:09 pm
Location
Advertisement

चार वर्षों में हुआ अपूर्व विकास: वीरभद्र सिंह

khaskhabar.com : रविवार, 19 फ़रवरी 2017 8:16 PM (IST)
चार वर्षों में हुआ अपूर्व विकास: वीरभद्र सिंह
मंडी(बीरबल शर्मा)। प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने मण्डी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक कांसा चौक पर संकल्प रैली का आयोजन कर वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव का आगाज कर दिया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बल्ह के साथ लगते सुन्दरनगर, मण्डी सदर, नाचन और सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से रैली में भाग लेने आए लोगों को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री का रैली में शामिल होने आए कांग्रेस समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा नीति आयोग के बनने से केन्द्र व प्रदेश के रिश्तों को सुदृढ़ करने का दावा पूरी तरह से असफल रहा है और आज राज्य अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं और आयोग के गठन से पहले उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि आयोग के गठन से पूर्व राज्यों से सलाह की जानी चाहिए थी और आयोग का प्रारूप राज्यों की वित्तीय जरूरतों व भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि नीति आयोग अपनी योजनाओं में पूरी तरह से असफल रहा है और राज्यों को कुछ को छोड़कर किसी भी बैठक के लिए नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि रातोंरात योजना आयोग को समाप्त करने का निर्णय सोच समझकर नहीं लिया गया था। इससे राज्य की प्रगति अवरूद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय में योजना आयोग ने सही प्रकार से कार्य किया और उस दौरान योजना आयोग से अर्थशास्त्री जुड़े रहे जो राज्य की वित्तीय जरूरतों से परिचित थे और आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उनके अच्छे मित्र थे और उन्होंने कभी भी राज्य को निधि आंवटित करते समय भेदभाव नहीं किया। एक राष्ट्रीय नेता होने के नाते उन्होंने राजनीतिक सम्बद्धता को दरकिनार किया।
उन्होंने आजादी के बाद भारत में विकास की जानकारी देते हुए कहा कि भू-सुधार अधिनियम मुजारों को भू-मालिक बनाने के लिए लाया गया। उन्होंने कहा कि देश ने इस दौरान औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति देखी और देश बिना रूके विकास की यात्रा पर चलता रहा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने भी अपने गठन के उपरान्त विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। वर्ष 1948 में प्रदेश में जहां मात्र 287 किलोमीटर लम्बी सड़कें थीं, वहीं आज 37000 किलोमीटर लम्बी सड़कें हैं। आज प्रदेश के सभी घरों का विद्युतीकरण हो गया है और प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं। हिमाचल प्रदेश में आज 15500 से अधिक पाठशालाएं तथा 119 कॉलेज बच्चों को उनके घर द्वार के निकट गुणात्मक शिक्षा प्रदान कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1,30,067 रूपये है। यह सभी प्रदेश में तेजी से हुए विकास के कारण संभव हो सका है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में विकास किया है, चाहे वह शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क इत्यादि हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नेरचौक में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त तीन नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिसमें से नाहन मेडिकल कॉलेज ने अपना कार्य आरम्भ कर दिया है। उन्होंने कहा कि गत चार वर्षों के दौरान प्रदेश में 1329 नए स्कूल खोले व स्तरोन्नत किए गए हैं। इसके अतिरक्ति, राज्य के दूर दराज क्षेत्रों में 45 नए डिग्री महाविद्यालय खोले गए हैं, जिससे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र विशेषकर लड़कियां सर्वाधिक लाभान्वित हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा शिक्षण संस्थान खोलने पर उनकी आलोचना की जा रही है। परन्तु भाजपा यह समझने में असफल रही है कि शिक्षा ही विकास की राह प्रशस्त करती है और समाज में अनुशासन की भावना पैदा करती है। वीरभद्र सिंह ने लोगों से ऐसी ताकतों से सचेत रहने का आहवान् किया, जो लोगों को धर्म व क्षेत्र के आधार पर बांटने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग समझदार और ऐसे लोगों की बांटने वाली चालों से भली भांति परिचित हैं। उन्होंने लोगों का आहवान् किया कि हमें हर हालात में एकता बनाए रखनी है तभी हमें अपने ऊपर गर्व होगा। उन्होंने कहा कि धर्म व क्षेत्र के आधार पर बांटने वाली राजनीति से देश के विकास में रूकावट आती है। भाजपा आने वाले चुनाव के लिए बेसब्र है और अप्रसांगिक बयान देकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म-निरपेक्षता में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि मेरा यह नैतिक दायित्व बनता है कि बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से प्रदेश के लोगों का विकास सुनिश्चित करूं। उन्होंने कहा कि विकास सत्त प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांसा मैदान यहां उपस्थित भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति के लिए याद किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने लोगों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी द्वारा रखी गई मांगों पर सहानूभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया तथा कहा कि इन्हें वर्ष 2017-18 के बजट में शामिल किया जाएगा। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लोगों की मांगों विशेषकर समाज के कमजोर वर्गों के प्रति हमेशा सचेत रहते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण पर कुल बजट का 52 प्रतिशत व्यय किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के झूठे वायदों के प्रति लोगों को सचेत रहने का कहा। उन्होंने प्रदेश में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री का उनके गृह विधानसभा क्षेत्र में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया। चौधरी ने कहा कि प्रदेश में हुए समग्र विकास के लिए वीरभद्र सिंह को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा ही समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष मण्डी में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि भाजपा के दो मुख्यमंत्रियों में से एक को पानी वाला मुख्यमंत्री तथा दूसरे को विकास वाला मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है, परन्तु बल्ह घाटी में इन दोनों मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में कोई भी विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सही अर्थों में केवल वीरभद्र सिंह ही विकास पुरूष है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव निकट आते देख भाजपा विकास के नारे लगा रही है, जो वास्तविकता से परे हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष पूर्ण चन्द ठाकुर, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष दीपक शर्मा, बल्ह खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अजय ठाकुर, पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष रिंपल चौधरी, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, अनुसूचित जाति/जनजाति निगम के अध्यक्ष टेक चन्द डोगरा, सुमन चौधरी, केशव नारायन, कुलदीप ठाकुर, ओम प्रकाश सेन, मोहिनी राणा, तरूण पाठक, राजेन्द्र मोहन, संजू डोगरा, विभिन्न पंचायतों, युवक तथा महिला मण्डलों के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने किए 38.80 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मण्डी जिला के डडौर के समीप विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिलाएं व लोकार्पण किए। उन्होंने 1.36 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाए गुरकोठा के अतिरिक्त कमरों, 1.43 करोड़ की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना दहानू, लखवां व हवाणू का लोकार्पण किया। उन्होंने 1.31 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित जनगणना गांव रती, गालमा, नलवाड़ी, धलवाणी, कंडी व मलथेर के लिए उठाऊ पेयजल योजना तथा 49.45 लाख रूपये की लागत से पारगी गांव के लिए निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का भी लोकार्पण किया। इन तीन पेयजल योजनाओं से क्षेत्र के 24 गांव के लगभग 4 हजार लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने 3.88 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी. विद्युत उप केन्द्र कलखर का भी लाकार्पण किया। इससे क्षेत्र की 14 पंचायतों के 69 गांवों की 70 जनसंख्या लाभान्वित होने के साथ साथ क्षेत्र में र्निबाध विद्युत आपूर्ति के सुधार में सहायता मिलेगी और विद्युत के संचारण व वितरण नुक्सान में भी कमी आयेगी। मुख्यमंत्री ने 17.80 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले संयुक्त कार्यालय भवन नेरचौक की आधारशिला रखने की घोषणा की। उन्होंने नेरचौक में प्रेस क्लब के भवन की आधारशिला की भी घोषणा की। इसका निर्माण प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की गई धनराशि व अपने संसधानों से संयुक्त रूप से किया गया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 3.23 करोड़ रूपये की लागत से रती में निर्मित होने वाले लस्सी का पधार पुल, 2.17 करोड़ रूपये की लागत से दिधायानी में निर्मित होने वाले सार्वजनिक स्वास्थ्य केन्द्र लेवल 3 के नए खण्डए 5.79 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गालमा के नए खण्ड तथा 27.41 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड नेरचौक के सहायक अभियन्ता कार्यालय भवन की आधारशिला रखने की भी घोषणा की।

[# शिवरात्रि में इस बार चेक से मिलेगी देवी देवताओं को राशि, कारदारों को खाते खुलवाने के आदेश]

[# अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement